
अंद्रेटा/पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल के पंचरुखी ब्लाक की पंचायत ठंढोल के एक गांव से एक महिला का अपहरण कर लिया गया। उसका मोबाइल और चप्पलें घर के पिछवाड़े से मिली हैं। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, इस घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
घटना वीरवार शाम की है। पुलिस के मुताबिक ठंढोल पंचायत के एक गांव से एक संभ्रांत परिवार की महिला शाम सात बजे अपने घर में काम कर रही थी। उसके बच्चे घर में ही थे। जब वह किसी काम के लिए घर के पीछे गई थी तो वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और उसके मोबाइल पर फोन किया तो वह घर के पिछवाड़े बजता मिला। फोन के पास ही उसकी चप्पलें भी मिलीं। जबकि लोगों की मानें तो शाम को एक दिल्ली नंबर की इनोवा गाड़ी गांव की तरफ गई थी जो पांच मिनट बाद ही बड़ी तेजी से वापस चली गई थी।
वहीं सूत्रों की मानें तो महिला के पति ने एक ठेकेदार पर शक जाहिर किया है। इस घटना का पता लगते ही महिला के मायके वाले भी वहां पहुंच गए। महिला के अपहरण से गुस्साए लोगों ने वीरवार को पंचरुखी-जयसिंहपुर सड़क पर जाम भी लगाया, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाया। जांच अधिकारी योगेंद्र पाल अवस्थी ने कहा कि पुलिस छानबीन में जुटी है।
उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया जांच शुरू कर दी है।
