ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। वीरवार रात को घर जा रहे एक युवक की बढल ठोर में ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। मृतक युवक बीच रास्ते में ही ट्रैक्टर पर चढ़ा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अक्षय ठाकुर निवासी बेहड़ (चनौर) ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह और ट्रैक्टर चालक रविंद्र सिंह निवासी बेहड़ वीरवार रात को ढलियारा की ओर से ट्रैक्टर ट्राली में रेत भरकर चनौर आ रहे थे। बढल ठोर में अवतार सिंह (22) पुत्र कुलदीप सिंह निवासी बेहड़ भी ट्रैक्टर पर बैठ गया।
चनौर में रेत उतारने के बाद वे सभी गांव बेहड़ को रात करीब 9 बजे चल दिए। थोड़ी दूर एक मोड़ पर अवतार सिंह जो ट्रैक्टर के पीछे खड़ा था, अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल देहरा लाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts