
बिलासपुर। द शिवा को-ऑपरेटिव ट्रैक्टर सोसाइटी बम्म-परनाल ने सरकार से ट्रैक्टर मालिकों को कृषि श्रेणी में लाए जाने की मांग उठाई है। सोसाइटी के सदस्यों का कहना है कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो खनन पर लगाए गए प्रतिबंध को बहाल किया जाए।
शिव दुर्गा मंदिर परनाल में सोसाइटी की बैठक मेला कमेटी के प्रधान रशील सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस मौके पर सर्वसम्मति से कमेटी का गठन किया गया। इसमें नरेंद्र ठाकुर प्रधान और मनोज चंदेल को उपप्रधान बनाया गया। बलवंत राणा सचिव, सुशील कुमार सह सचिव, कुलदीप सिंह कोषाध्यक्ष और मनोज कुमार व राकेश कुमार को सलाहकार नियुक्त किया गया। मेहर सिंह, राजकुमार, संजीव कुमार, अजय कुमार, प्यारे लाल, जयराम, कृष्णदास, लालमन, बीरवल, राकेश कुमार, सुरेश कुमार को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर मालिकों के पास खेतीबाड़ी के अलावा कोई अन्य व्यवसाय नहीं है। खड्डों में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध होने के कारण बैंकों से लिए गए ऋण की अदायगी करना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा इंश्योरेंस, पासिंग व अन्य कार्य करवाने के लिए भारी भरकम खर्चा आता है। ऐसे में खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन्हें अपने परिवार का पालन पोषण करने में भी असमर्थ साबित हो रहे हैं। इसके चलते सरकार को ट्रैक्टर मालिकों को या तो कृषि श्रेणी में रखना चाहिए। या फिर खड्डों पर लगाया गया प्रतिबंध हटाना चाहिए। ट्रैक्टर मालिक अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें। बैठक में अजमेरपुर ट्रैक्टर यूनियन के प्रधान दिनेश ठाकुर, उपप्रधान मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष कमल नयन सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
