ट्राली लगी, घंटों का सफर हुआ मिनटों का

अगस्त्यमुनि। जलप्रलय से बह चुके विजयनगर झूला पुल के स्थान पर आपदा के तीन माह बाद गैर सरकारी संगठन नवधान्य ने ट्राली का निर्माण किया है, जिसका उद्घाटन बुधवार को केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने किया। ट्राली लगने से बड़मा, पंच सिल्ला, सिलगढ़ के करीब 36 गांवों के लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी।
जलप्रलय से विजयनगर झूला पुल बह गया था, जिससे सिलगढ़, बड़मा, पंच सिल्ला पट्टी के ग्रामीणाे को मीलों पैदल सफर तय करना पड़ रहा था। तीन माह बाद भी सरकारी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणाें और गैर सरकारी संस्था नवधान्य ने ट्राली का निर्माण कार्य किया। ग्रामीणाें के सहयोग से संस्था ने दस दिन में ट्राली का निर्माण कार्य पूर्ण किया।
ट्राली का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अब सरकार इसके श्रेय में जुट गई है। मंगलवार को केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने ट्राली का विधिवत शुभारंभ किया। नवधान्य संस्था के कार्यक्रम समन्वयक दरबान सिंह नेगी, मधुर दरमोड़ा और चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्राें में तेजी से राहत कार्य करने में संस्था जुटी हुई है। संस्था की ओर से अब तक चाका गांव में 14 बेघर परिवाराे को अस्थायी आवास बनाकर सौंपे जा चुके हैं। इस मौके पर विजया देवी, गीता देवी, मुकेश बगवाड़ी आदि उपस्थित थे।

Related posts