ट्रामा सेंटर ओपीडी में तबदील

बिलासपुर। जिले के मुख्य अस्पताल में ट्रामा सेंटर के लिए भवन तो बन गया लेकिन अभी तक मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं हो पाई हैं। अभी तक ट्रामा सेंटर के लिए बिजली का स्थायी कनेक्शन नहीं मिल पाया है। बिजली कनेक्शन का मामला टाउन एंड कंट्री प्लांनिग विभाग के पास अटका पड़ा है। ट्रामा सेंटर शुरू नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रामा सेंटर के लिए सरकार ने धन तो मुहैया करवा दिया मगर अभी तक स्टाफ नहीं दिया। बिना चिकित्सक के ट्रामा सेंटर नहीं चल पा रहा है। फिलहाल ट्रामा सेंटर ओपीडी में तबदील हो गया है। यहां पर मरीजों का चेकअप चल रहा है।
राज्य सरकार ने बिलासपुर के ट्रामा सेंटर के लिए 95 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। ट्रामा सेंटर के उपकरणों की खरीद पर 45 लाख खर्च होंगे। 50 लाख रुपये की राशि भवन पर खर्च होगी।
इसमें लिफ्ट लगाने का भी प्रावधान है। एक्सीडेंट प्रोन एरिया होने के कारण बिलासपुर में ट्रामा सेंटर की जरूरत शिद्दत के साथ महसूस होती रही है। हालांकि, सरकार ने जल्द इसे शुरू करने का आश्वासन दिया है। शहर के राजीव, एलआर गुलशन, रोहित ठाकुर, विजय कुमार, अनीता देवी, राहुल ने कहा कि बिलासपुर के ट्रामा सेंटर का कार्य जल्द पूरा होना चाहिए। स्टाफ की जरूरत को पूरा करते हुए ट्रामा सेंटर शुरू किया जाए तो आम लोगों को सहूलियत होगी।
सीएमओ डा. एमएल कौशल ने बताया कि ट्रामा सेंटर के लिए बजट पहुंच गया है। स्टाफ की मांग का डाटा भी भेज दिया गया है। जहां तक बिजली कनेक्शन की बात है तो टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से कुछ आपत्तियां लगी थीं। इन्हें दुरुस्त कर दिया गया है। जल्द ही बिजली का स्थायी कनेक्शन मिलने की उम्मीद है। फिलहाल भवन के लिए अस्थाई रूप से कनेक्शन लेकर बिजली चल रही है।

Related posts