ट्रांसफर नीति से शिक्षकों में भारी निराशा

लोहाघाट। जिले के दुर्गम स्थानों में लंबे समय से सेवाएं दे रहे राजकीय शिक्षकों को उत्तराखंड सरकार की नई ट्रांसफर नीति से भारी निराशा हुई है। राजकीय शिक्षक संघ की चौमेल इकाई की बैठक में शिक्षकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। प्रवक्ता पीसी तिवारी ने कहा कि एक ओर कई शिक्षक वर्षों से सुगम क्षेत्रों में कुंडली जमाए बैठे हैं। दूसरी ओर ऐसे क्षेत्रों में शिक्षक कार्य कर रहे हैं जहां खाने के लिए आलू प्याज के सिवाय कुछ नहीं मिलता है।
वरिष्ठ शिक्षक राजेश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रुद्र सिंह बोहरा, बीपी पाठक, एसके श्रीवास्तव, राधेश्याम वर्मा, जगन्नाथ वर्मा, प्रदीप बिष्ट, बनवारी लाल गंगवार, रामबहोर यादव आदि ने कहा कि ऐसे शिक्षक नेताओं को अब सबक सिखाएंगे जो अपने शिक्षक साथियों को न्याय दिलाने में रोड़ा बने हुए हैं। शिक्षकों का यह भी कहना था कि दुर्गम स्थानों में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को उनके ऐच्छिक स्तर में स्थानांतरित कर उन्हें पुरस्कृत किया जाना चाहिए।

Related posts