
सोलन। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने शनिवार और रविवार को विशेष मुहिम के तहत परवाणू स्थित ट्रांसपोर्टर कंपनियों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। इस दौरान विभाग की टीम ने एक लाख जुर्माना और 334 नग कब्जे में लिए हैं। वहीं टीम ने ट्रांस्पोर्ट कंपनियों और कारोबारियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। वहीं एक चावल के गोदाम में दबिश के दौरान भारी अनियमितताएं पाई गई हैं। ईटीओ प्रीतपाल सिंह और प्रेम कायथ की अगुवाई में टीम ने यह सफलता हासिल की है। मामलों की पुष्टि आबकारी एवं कराधान विभाग के सहआयुक्त डॉ. सुनील कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि वीकएंड पर चलाए विशेष अभियान के तहत यह सफलता हाथ लगी है।
पहला मामला विभाग की टीम ने शनिवार को पकड़ा है। इसमें एक कारोबारी के प्रतिष्ठान में दबिश देते हुए पौने चार लाख के चावल बिना बिल पकड़े हैं। मौके पर कारोबारी को तीस हजार रुपये जुर्माना किया गया है। साथ ही भविष्य में इस तरह का गोलमाल न हो, चेताया गया है।
दूसरा मामला रविवार का है। विभाग ने एक ट्रांसपोर्टर कंपनी में दबिश देते हुए 334 नग जब्त किए हैं। इसमें बल्ब, ट्यूब, डायपर, साबुन, इंडक्शन कुकर शामिल हैं। करीब 07 लाख का माल विभाग ने कब्जे में लिया है। छापेमारी उस वक्त की गई जब ट्रक गोदाम में अनलोड हो रहा था।
तीसरा मामला बिलों में गड़बड़झाले का पकड़ा है। एक प्लाइबोर्ड से भरा ट्रक विभाग ने पकड़ा। माल करीब साढ़े तीन लाख का था। वहीं बिल करीब डेढ़ लाख के काटे गए थे। विभाग की टीम ने जांच के दौरान 75 हजार रुपये कारोबारी पर जुर्माना किया है।
