
द्वाराहाट। पुलिस ने गश्त के दौरान द्वाराहाट-दूनागिरि मार्ग पर एक ट्रक से सात ड्रम अवैध रूप से रखा तारपीन बरामद किया है। तेल को खड़िया के कट्टों के नीचे दबाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार चालक नशे की हालत में था। चालक का मेडिकल कराकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम शनिवार की दोपहर द्वाराहाट-दूनागिरि मार्ग पर गश्त कर रही थी। कुकुछिना की तरफ से आ रहे ट्रक संख्या यूके 04-सीए-1800 पर शक होने पर उसे रोका गया। पुलिस ने बताया कि ट्रक का चालक पोथिंग कपकोट निवासी दलीप सिंह गड़िया पुत्र कल्याण सिंह गड़िया नशे की हालत में था, ट्रक की जांच की गई तो उसमें 150 खड़िया के कट्टे थे, उसके नीचे सात ड्रम थे। ड्रम खोलने पर उसमें 1540 लीटर तारपीन था। पुलिस ने ट्रक सीज कर चालक का मेडिकल कराया और 185 एमबी एक्ट, 207 तथा धारा 26 के तहत चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ एजाज आलम खान ने बताया कि खड़िया के प्रपत्र मिल गए हैं, तारपीन का तेल अवैध है। मामले की जांच की जाएगी उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। वन क्षेत्राधिकारी मोहन लाल ने भी तारपिन का तेल होने की पुष्टि की है। अभियान में द्वाराहाट के थाना प्रभारी एजाज आलम खान, एसआई गोविंद सिंह मेहता, पवन थुवाल, केदार सिंह आदि शामिल थे।
