
बद्दी (सोलन)। भुड्ड-थाना मार्ग पर एमएंडए कंपनी के ठीक सामने एक बाइक सवार की ट्रक के चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक युवक बिहार के मोती हारी जिले के मोपतपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ 279 व 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सोमवार देर रात्रि करीब पौने 11 बजे एक ट्रक एचपी 12-ई-6682 फैक्टरी से सामान लोड करने के बाद चालक ट्रक को बैक कर रहा था। इस बीच भुड्ड की ओर से बाइक पर सवार महेश सहानी (35) भुड्ड गांव की ओर जा रहा था। चालक ट्रक मुख्य मार्ग की ओर बैक कर रहा था और मार्ग पर तेज रफ्तार से चल रहा बाइक सवार सीधा ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। इस तेज टक्कर से बाइक सवार महेश सहानी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लिया। एसपी अरूल कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के नालगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया। जहां पर मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उसके 13 वर्षीय बेटे सोनू कुमार और बहनोई नवी सहानी को सौंप दिया है। ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है
