
ज्वालामुखी (कांगड़ा)(सीमा वालिया)पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत ठेहड़ा के समीप दोपहिया वाहन ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई है। वहीं बाइक चलाने वाला युवक गंभीर घायल है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया है। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार नादौन-ज्वालाजी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ठेहड़ा के पास मोटरसाइकिल नंबर एचपी55-बी-0502 पर पंकज कुमार पुत्र कमल कुमार निवासी बढेड़ा निवासी हमीरपुर और सद्दाम हुसैन पुत्र दिल्ले मोहम्मद निवासी मगरां रोड़ ज्वालाजी मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। पीछे से आ रहे ट्रक नंबर एचपी 11-8163 के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार पंकज कुमार उछल कर ट्रक के टायर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक चालक सद्दाम हुसैन सड़क पर जा गिरा। हादसे में सद्दाम को गंभीर चोटें आई हैं। सद्दाम और पंकज के दोस्त आशु राणा और विकास ने बताया कि सोमवार सुबह 6 दोस्त मोटरसाइकिलों पर सवार होकर परीक्षा परिणाम अच्छा आने की खुशी में ज्वाला जी मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। आशु और विकास अपने मोटरसाइकिल पर सबसे आगे चल रहे थे। वहीं सद्दाम तथा पंकज दूसरे मोटरसाइकिल पर उसके पीछे थे। ठेहड़ा गांव के निकट एक उतराई उतरने के बाद छोटी पुली के पास अचानक धमाके की आवाज आई। उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो पंकज मोटर साइकिल से उछलकर ट्रक के टायर के नीचे आ गया था। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक जैसे ही फरार होने लगा। तो आशु और विकास ने घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर ट्रक को रुकवा लिया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
एसडीएम देहरा विनय कुमार ने घटनास्थल से ज्वालामुखी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौका पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम विनय कुमार ने मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये तथा घायल युवक के परिजनों को 5 हजार रुपये बतौर राहत राशि प्रदान की है। इस संबंध में ज्वालामुखी थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
