ट्रक की चपेट में आया कामगार

ट्रक की चपेट में आया कामगार
बद्दी (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर बुरांवाला गांव के समीप एक ट्रक की चपेट में आने से एक कामगार की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति धर्मदेव (35) पुत्र वेश लाल यादव, गांव डहरू बिगहा और जिला औरंगाबाद बिहार का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके साथी कामगार को सौंप दिया है। ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक की सीज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना वीरवार देर रात्रि की है। कामगार धर्मदेव बुरांवाला के समीप सड़क पार कर रहा था। इसी बीच एक ट्रक एचटी 12 डी 5724 बद्दी की ओर से तेज रफ्तारी से आया तथा सड़क पार करते हुए कामगार के ऊपर से गुजर गया। टायर उसके पेट के ऊपर से गुजरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक घटना स्थल से फरार हो गया।
डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान उसके जेब से मिली डायरी के आधार पर शुक्रवार सुबह हुई। डायरी में कुछ नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने उन नंबरों पर कॉल करके मृतक का पता लगाया। सूचना मिलते ही मृतक के गांव के एक व्यक्ति गणेश दत्त ने उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए मृतक के साथी के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts