ट्रक की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत गांव मैहकड़ में गत रात्रि ट्रक के नीचे आकर एक व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक की पहचान बलवंत सिंह उर्फ बंता पुत्र जय सिंह निवासी मैहकड़ के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बलवंत सिंह गत रात्रि अपना नया घर बनाने के लिए ट्रक से ईंटें उतार रहा था। ईंटें उतार लेने के बाद खाली ट्रक को जब ट्रक चालक ने पीछे किया तो अंधेरा होने के कारण बलवंत सिंह उसकी चपेट में आ गया, जिसका चालक को पता नहीं चला। इस हादसे में बलवंत सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरी ओर काफी देर तक बलवंत के परिजन उसका घर लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बलवंत के परिजनों पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब उन्होंने ईंटों के निकट संदिग्ध अवस्था में बलवंत सिंह का शव देखा तथा मामले की जानकारी पुलिस को दी। वीरवार को कांगड़ा के एएसपी मोहित चावला, नूरपुर के डीएसपी राजीव अत्री तथा कंडवाल पुलिस चौकी के प्रभारी अजीत सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया और मृतक के परिजनों से बात की। इसी बीच फोरेंसिक विशेषज्ञ डा. अजय सहगल व उनके सहयोगी रजत चौधरी ने भी वीरवार को घटनास्थल का दौरा कर मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। बताया जा रहा है कि जिस ट्रक की चपेट में आने से बलवंत सिंह की मौत हुई है, उस ट्रक का चालक गगन सिंह पुत्र बाबू राम निवासी जुनेरा मृतक का रिश्तेदार था। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने चालक गगन सिंह के खिलाफ धारा 279 व 304 ए के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। बलवंत सिंह का उसके पैतृक गांव मैहकड़ में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Related posts