
मलोखर (बिलासपुर)। जेपी के बागा सीमेंट उद्योग से ढुलान के लिए पंजीकृत पंचदेव सहकारी सभा के ट्रक आपरेटर गंभीर संकट में हैं। सभा में पंजीकृत कुल करीब 70 ट्रक बीते छह माह से बेकार खड़े हैं। इसके चलते कमाई होना तो दूर, बैंकों से लिए गए ऋण पर लाखाें का ब्याज चढ़ गया है। इससे परेशान आपरेटरों ने 20 जुलाई से मलोखर चौक में क्रमिक अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।
जानकारी के अनुसार बागा सीमेंट उद्योग से ढुलान के लिए पंजीकृत सहकारी सभाआें में से एक पंचदेव सभा को अपेक्षाकृत काफी कम कोटा मिला है। बताया जा रहा है कि निर्धारित कोटे के लिहाज से प्रत्येक ट्रक को डेढ़-दो माह में मुश्किल से एक चक्कर मिल पाएगा। इसके चलते सभा का कोई भी ट्रक ढुलान नहीं कर रहा है। सभी ट्रक बीते करीब छह माह से सड़काें के किनारे बेकार खड़े हैं।
पंचदेव सभा के आपरेटरों राकेश, हुकम चंद, उमेश, सुभाष, रामरतन, सुमन, हेमराज, भागीरथ, धर्मपाल, दयावंती, मीरा देवी, कुंता, सुरेंद्र महाजन, विनोद महाजन व महेंद्र सिंह आदि ने कहा कि उन्हाेंने ट्रक खरीदने के लिए बैंकों तथा फाइनेंस कंपनियों से लाखों का लोन ले रखा है। जब से ढुलान कार्य के संचालन से जिला फेडरेशन का नियंत्रण हटा है, तब से ट्रक बेकार खड़े हैं। इसके चलते वे ऋण की किश्तें नहीं दे पा रहे हैं। इस अवधि में लाखों रुपये ब्याज के रूप में ही जुड़ गए हैं। उन्हें रोजी-रोटी के लाले पड़ रहे हैं। घर-बार तथा जमीनें भी दांव पर हैं। बहरहाल, सरकार, प्रशासन, संबंधित विभाग तथा सीमेंट कंपनी की आंखें खोलने के लिए वे 20 जुलाई से मलोखर चौक में क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। उधर, इस बारे पंचदेव सभा के प्रधान नीरज गौतम ने कहा कि सभा को बेहद कम ढुलान कोटा मिलने से यह समस्या पैदा हुई है। कोटा बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
