
कालसी। हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर टौंस नदी के किनारे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विकासनगर में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना कालसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार शाम करीब साढे़ तीन बजे हुई। पुलिस के अनुसार सिलाई (हिमाचल प्रदेश) से विकासनगर आ रही कार में दो महिलाओं समेत कुल चार लोग सवार थे।
खेरुवा के समीप चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे टौंस नदी के किनारे गहरी खाई में जा गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए। कार दुर्घटना की सूचना पर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पडे़। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला।
सतीश शर्मा (25) पुत्र स्व. जसराम निवासी बागी और सुंदरा (22) पुत्री लायक राम निवासी नीनूस जिला देहरादून ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायलों की पहचान अमिता (25) पुत्री अंबादत्त जोशी और चालक खजान सिंह (38) पुत्र जालम सिंह निवासी भंगारा, सिलाई हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। कालसी के थानाध्यक्ष मनोज रावत ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
