
कुल्लू/मनाली/पतलीकूहल। हिम आंचल टैक्सी यूनियन मनाली के ब्रांच ऑफिस में टैक्स बढ़ाने को लेकर ऑपरेटरों में काफी रोष है। लिहाजा, हड़ताल के तीसरे दिन ऑपरेटरों ने ऑफिस इंचार्ज राकेश नुकरपा की अगुवाई में एक रोड शो की शक्ल में रैली निकाली। रैली में बाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई । इतना ही नहीं, ऑपरेटरों ने परिवहन मंत्री जीएस बाली का पुतला भी जलाया। ऑफिस इंचार्ज राकेश नुकरपा का कहना है कि जब तक टैक्स बढ़ोतरी का निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक यूनियन चैन से नहीं बैठेगी। उधर, कुल्लू, भुंतर तथा बंजार सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में तीसरे दिन टैक्सी ऑपरेटरों ने टैक्स वृद्धि के विरोध में अपनी टैक्सियों को खड़ा रखा। पर्यटन नगरी मनाली में सैलानियों पर हड़ताल का असर तीसरे दिन भी जारी रहा। टैक्सी तथा बसों की हड़ताल के चलते सैलानी अपने होटलों के कमरों में ही दुबके रहे। सोलंगनाला स्नो प्वाइंटोें का सैरसपाटा नहीं करने से जहां पर्यटक मायूस रहे वहीं लोकल टूरिस्ट प्वाइंट ढुंगरी, कल्ब हाउस, नेचर पार्क तथा बुद्धिस्ट गोंपा में पैदल ही आवाजाही करनी पड़ी। उधर, होटल एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने कहा कि हड़ताल से खासकर सैलानियों को दिक्कत झेलनी पड़ी।
