टैंकर से गैस चोरी करते हुए एक व्यक्ति दबोचा

बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस ने गैस के टैंकर से गैस चोरी करते हुए एक व्यक्ति क ो गिरफ्तार कर लिया है। जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए पुलिस को चकमा देकर भाग गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया बद्दी के 32 नंबर प्लाट के समीप एक एलपीजी ट्रक एचआर38डी 0009 का चालक रिफलिंग पाइप लगाकर गैस चोरी छिपे एक व्यक्ति को बेच रहा था। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पुलिस ने बिलांवाली के एक व्यक्ति गुरदेव सिंह को रंगे हाथ पकड़ा। जबकि ट्रक का चालक अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गया।
ट्रक के साथ एक मारुति कार थी जिसमें 8 सिलेंडर थे। इसमें तीन भरे हुए तथा पांच खाली मिले। पुलिस ने सिलेंडर और कार को कब्जे में लिया है। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले गैस के टैंकर से गैस चोरी का गोरख धंधा लंबे समय से चल रहा था लेकिन पुलिस के हथे नहीं चढ़ पा रहे थे। बीती रात सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय व्यक्ति प्रकाश चंद एवं महिंद्र सिंह के साथ छापामारी की। इस दौरान दीवार के साथ ट्रक को खड़ा कर रिफलिंग पाइप से गैस भरी जा रही है। अंधेरे का फायदा उठा कर ट्रक चालक भाग गया जिसे शीघ्र ही दबोच लिया जाएगा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने धारा 407 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts