टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बाहरी राज्यों से आने वाले खरीदारों को दी जाएगी फल मंडियों में कारोबार की अनुमति

शिमला

कोरोना वायरस की जांच

जुलाई माह में शुरू होने वाले सेब सीजन के लिए बाहरी राज्यों से आने वाली खरीदारों (लदानियों) को पांच दिन क्वारंटीन में रखने के बाद कोरोना टेस्ट लिया जाएगा। टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही खरीदारों को फल मंडियों में कारोबार की अनुमति दी जाएगी। बाहरी राज्यों से आने वाले ऐसे खरीदार जो अपना कोरोना टेस्ट करवाकर सेब कारोबार के लिए आएंगे, उनकी रिपोर्ट जांचने के बाद उन्हें मंडियों में काम की अनुमति दी जाएगी। उपायुक्त शिमला अमित कश्यप ने इसकी पुष्टि की है। कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के बीच सेब सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले सेब खरीदारों के कारण वायरस फैलने के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष एहतियात बरतने का निर्णय लिया है।

सेब सीजन के दौरान अधिकतर खरीदार दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश से शिमला जिले की विभिन्न मंडियों में पहुंचते हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली रेड जोन में हैं। ऐसे में इन राज्यों से आने वाले खरीदारों के कारण मंडियों में संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि हर एक खरीदार को क्वारंटीन करने के बाद टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने की स्थिति में ही कारोबार की मंजूरी दी जाए ताकि कोरोना वायरस संक्रमण फैलने का कोई खतरा न रहे। प्रशासन ने सेब सीजन के दौरान सभी मंडियों में स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था का भी निर्णय लिया है ताकि रोजाना मंडियों में आने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा सके।

 

Related posts