
धर्मशाला। पेशे से टेलर स्वर्ण राणा की बेटी ने प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल कर बुलंदियों को छुआ है। मंगलवार को घोषित शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम में जिला कांगड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कोटला की दामिनी राणा ने कला संकाय में 443 अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया। दामिनी की उपलब्धि से उनके परिजन और अध्यापकों में खुशी का माहौल है। परिणाम का पता चलते ही दामिनी ने अपने स्कूल पहुंचकर अध्यापकों व प्रधानाचार्य कमल कुमार से आशीर्वाद लिया। दामिनी राणा का कहना है कि राजनीति शास्त्र के अध्यापक रमेश कुमार उनके आदर्श हैं। वह भी राजनीति शास्त्र की अध्यापक बनना चाहती है। अभी वह कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई करेगी। दामिनी के पिता स्वर्ण राणा और माता पुष्पा राणा अपनी बेटी की इस उपलब्धि से खासे खुश हैं। अध्यापक रमेश कुमार का कहना है कि दामिनी कक्षा में सबसे होनहार छात्र थी। उन्हें उम्मीद थी कि वह अवश्य बड़ी उपलब्धि हासिल करेगी।
