
शिमला। टेट प्रोस्पेक्टस हजारों प्रार्थियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। प्रोस्पेक्टस में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता में छूट की अवधि 30 अगस्त 2009 तक से पहले बीएड करने वाले प्रार्थियों को ही है। हालांकि, इसी साल बीएड की परीक्षा का परिणाम सितंबर महीने में घोषित हुआ है। इस साल बीएड करने वाले हजारों छात्र अब परेशानी में हैं। इसमें से कुछ छात्रों के अंक पचास फीसदी से कम हैं, उन्हें पहले तो उम्मीद थी कि उन्हें भी पांच फीसदी अंकों की छूट मिलेगी, लेकिन प्रोस्पेक्टस में छपी तिथि से प्रार्थी असमंजस में हैं। उन्होंने 800 रुपये देकर प्रोस्पेक्टस तो खरीद लिया, लेकिन अब इसे भरें या न भरें, इसको लेकर दुविधा है। इस मामले में बोर्ड की सचिव राखिल कहालों ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से जो नियम भेजे गए थे, उसी आधार पर प्रोस्पेक्टस तैयार किया है। बोर्ड ने अपनी तरफ कोई नियम नहीं बनाए हैं।
