
चंबा। निजी शिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त जेबीटी प्रशिक्षुओं की बैठक जिला मुख्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता नरेंद्र कुमार ने की। बैठक के दौरान जेबीटी प्रशिक्षुआें ने सरकार पर एक ही बैच के लिए अलग-अलग नीतियां बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेबीटी का वर्ष 2011-13 के डाइट के बैच का कोर्स पूरा हो चुका है जबकि निजी शिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जेबीटी प्रशिक्षुओं का कोर्स नवंबर माह में पूरा होगा। उन्हाेंने कहा कि वर्ष 2011-13 के डाइट से प्रशिक्षण प्राप्त जेबीटी के लिए अगस्त माह में टेट की परीक्षा होगी। इसके अलावा निजी शिक्षण संस्थानों से जेबीटी कर रहे प्रशिक्षुओं को दो साल बाद अगले बैच के साथ टेट की परीक्षा देनी पड़ेगी। सरकार की इस प्रकार की नीति से जेबीटी प्रशिक्षुओं में रोष व्याप्त है। प्रशिक्षु वीरेंद्र कुमार, प्रीतम, पंकज, कुशल, शिवानी, ज्योति, बिंदु व सकीना ने बताया कि अगर जेबीटी का एंट्रेस एकसाथ हुआ है तो टेट की परीक्षा एक साथ होनी चाहिए। ऐसा न होने पर संविधान की धारा 14,16 का सरासर उल्लंघन होगा। जेबीटी प्रशिक्षुओं ने प्रदेश सरकार को चेताया है कि अगर टेट परीक्षा की डेट नहीं बढ़ाई गई तो जेबीटी प्रशिक्षु आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने 10 दिन के भीतर फै सला बदलने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि टेट परीक्षा की टेट को बढ़ाया जाए।
