टेट उत्तीर्ण भाषा शिक्षकों ने मनाया चिंता दिवस

मंडी। शनिवार को हिंदी दिवस टेट उत्तीर्ण भाषा अध्यापकों ने चिंता दिवस के रूप में मनाया। भाषा अध्यापकाें ने टेट उत्तीर्ण करने के दो वर्ष बाद भी नियुक्ति न मिलने पर सरकार के प्रति कड़ा रोष जाहिर किया। हिंदी दिवस को संघ द्वारा प्रस्तावित शोक दिवस के रूप में मनाने के निर्णय को हालांकि संघ ने शिक्षा निदेशक के आश्वासन पर बदल दिया। सेरी मंच पर जल्द नियुक्ति तथा रिक्त चल रहे हिंदी भाषा के सैकड़ों पद जल्द भरने की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति राम ने की। कहा कि प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर द्वारा टेट पास टीजीटी आर्ट, साइंस, शास्त्री सभी को बेच वाइज आधार पर नियुक्तियां प्रदान की गई। लेकिन टेट उत्तीर्ण भाषा अध्यापकाें के साथ भेदभाव किया गया है। नियुक्ति प्रक्रिया अभी तक शुरू भी नहीं की गई है। हिंदी दिवस तो मनाया जा रहा है। लेकिन प्रदेश में हिंदी भाषा की स्थिति सही नहीं है। स्कूलाें में हिंदी भाषा के करीब आठ सौ पद रिक्त पड़े हैं। कालेजों में भी हिंदी का यही हाल है। इस अवसर पर प्रदेश सचिव कमल कांत, अंजना, किरण, सरस्वती, ममता ठाकुर, दीपक, कपिल देव, लावण्य, मुकेश, चंद्रकांत, लता आदि मौजूद थे।

Related posts