
लालपुर। किच्छा रोड पर टेंपो पलटने से दो लोगाें की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बुधवार को रुद्रपुर से टेंपो संख्या यूके-06-टीए-1421 सवारियां भरकर किच्छा की ओर जा रहा था। इसी बीच लालपुर स्थित शीलचंद्र फैक्ट्री के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान मौका पाकर चालक टेंपो छोड़ फरार हो गया। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बलकार सिंह (53) निवासी भोट रामपुर, आलोक मणि पत्नी नागेन हलदर निवासी गदरपुर व आशीष पुत्र सुनील निवासी शक्तिफार्म को किच्छा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बलकार की मौत हो गई। इधर एक अन्य घायल आसिफ अली (22) पुत्र मोहम्मद याकूब निवासी लक्सर हरिद्वार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान आसिफ की भी मौत हो गई। बाद में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस टेंपो चालक की तलाश कर रही है।
