
मुनस्यारी/मदकोट। गोरीपार क्षेत्र में एकमात्र झूला पुल टूटने से तीन हजार से अधिक लोगों का संपर्क टूटा हुआ है। इन इलाकों में रसद और अन्य सामग्री की दुश्वारी हो रही है।
गोरीपार क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह रावत और कैलाश कोरंगा ने बताया कि पुल टूटने से इस इलाके के लोग अलग-थलग पड़ गए हैं। क्षेत्र के 14 से अधिक गांवों के लोगों को राशन, केरोसिन आदि की किल्लत हो रही है। मुनस्यारी के घरुड़ी और मनकोट में 200 से अधिक लोग रास्ते टूटने से कट गए हैं। यहां गोरी क्षेत्र को जोड़ने वाले एकमात्र झूला पुल को जल्द बनाने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता मोहन सिंह कोरंगा ने गोल्फा, बोना और तोमिक गांव में राशन संकट की स्थिति से निजात दिलाने की मांग की है। गुंबर के सामाजिक कार्यकर्ता तिल राम ने भी यहां हुए नुकसान की भरपाई कर लोगों को राहत दिलाने की गुजारिश की है। धारचूला के विधायक हरीश धामी ने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को नदी के किनारे तटबंध बनाने के निर्देश दिए हैं।
