
श्रीनगर। मौलिक नियुक्ति की मांग को लेकर टीईटी प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण का बहिष्कार कर 19 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी दी है। टीईटी प्रशिक्षु शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप जदली ने बताया कि सरकार ने जल्द मौलिक नियुक्ति का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक उस पर कार्रवाई नहीं की गई। हमें दिए जा रहे प्रशिक्षण को सरकार कभी सेवारत तथा कभी सेवापूर्व कह कर संशय पैदा कर रही है। प्रशिक्षुओं ने 12 जुलाई को नियुक्ति की मांग को लेकर डायट कार्यालय में तालाबंदी की थी। फिर भी मांग पर कार्रवाई न हुई। संगठन के जिला अध्यक्ष रविंद्र पटवाल ने बताया कि मांगों को लेकर 19 जुलाई से प्रशिक्षण का बहिष्कार कर मुख्यमंत्री आवास के घेराव के साथ ही अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश भर के दो हजार से अधिक प्रशिक्षुओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
