टिहरी में सुरीरा और उत्तरकारी में रावत बने डीसीबी अध्यक्ष

नई टिहरी/ उत्तरकाशी। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष के चुनाव में टिहरी में रजनीकांत सुरीरा और उत्तरकाशी में रणवीर सिंह रावत अध्यक्ष चुने गए। उपाध्यक्ष और विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों का भी चयन किया गया।
शनिवार को हुए चुनाव को लेकर टिहरी में उस समय रोचक स्थिति बन गई जब कांग्रेस नेता रजनीकांत सुरीरा और देवी सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर दावेदारी की। नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल, प्रतापनगर के विधायक विक्रम नेगी और जोत सिंह बिष्ट आदि के प्रयासों के बाद भी एक नाम पर सहमत नहीं बन पाई। मतदान में 12 सदस्यों ने हिस्सा लिया। जिसमें से रजनीकांत सुरीरा को सात और देवी सिंह चौहान को पांच मत मिले। उपाध्यक्ष श्याम लाल आर्य चुने गए। दर्शन सिंह नेगी को राज्य सहकारी विपणन संघ, सुरेश कुड़ियाल को डेरी विकास संघ, घनश्याम नौटियाल, दिनेश पुंडीर, रुकम सिंह और श्याम लाल को राज्य सहकारी बैंक के लिए प्रतिनिधि चुना गया। अध्यक्ष बनने पर समर्थकों ने सुरीरा का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री मातवर सिंह कंडारी, जाखणीधार के प्रमुख जगदंबा रतूड़ी, विजय गुनसोला, आनंद बेलवाल, मुरारी लाल खंडवाल, कुलदीप पंवार,लखवीर चौहान समेत कई लोग मौजूद थे।
दूसरी ओर उत्तरकाशी में जिला सहकारी बैंक के चुनाव में अध्यक्ष पद पर रणवीर रावत ने रणधीर बिष्ट को चार मतों से हरा कर विजय हासिल की।
रणवीर रावत ने आठ और बिष्ट को चार मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर जनक सिंह रावत ने जीत हासिल की। इस दौरान विक्रम रावत, मनमोहन गुसाईं, बर्फी भक्ति और प्रताप रावत को राज्य सहकारी बैंक हल्द्वानी के लिए सदस्य नामित किया गया। मोहन सिंह पंवार को विपणन संघ देहरादून और जगत सिंह चौहान इफ्को दिल्ली के लिए नामित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश जुवांठा, केदार सिंह रावत, सुरेश चौहान, देवेंद्र सिंह नेगी, लोकेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts