
टिहरा (मंडी)। विद्युत उपमंडल टिहरा के अंतर्गत बिलों का भुगतान समय पर न करने वाले डिफाल्टर उपभेक्ताओं पर बोर्ड ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बोर्ड ने विद्युत कनेक्शन काटने की मुहिम शुरू कर दी है। विभाग ने कड़ी कार्रवाई अमल में लाते हुए उपमंडल के पांच दर्जन से भी अधिक घरों की बिजली काट दी है।
विभाग की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने पांच अनुभागाें से कुल 66 उपभोक्ताआें के बिजली कनेक्शन कट कर दिए हैं। इनमें चोलथरा विद्युत अनुभाग के अंतर्गत 24 उपभोक्ताओं, संधोट अनुभाग के तीन, सज्याओपिपलू 18, टिहरा 18, जबकि गदीधार अनुभाग के तहत तीन घरों से अब तक बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ये सभी उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे थे। इसके चलते सभी घरों के मीटरों को टीडीसीओ कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि विद्युत बोर्ड ने बिल भुगतान न करने पर गत रोज चोलथरा पंचायत घर का कनेक्शन भी काट दिया है। विभाग की इस सख्ती से पांच दर्जन से भी अधिक घरों में अंधेरा पसर गया है। उधर, बोर्ड के सहायक अभियंता पीसी शर्मा का कहना है कि यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि 66 घराें से बिजली के कनेक्शन काटे गए हैं। यह कार्रवाई बिजली बिल का भुगतान न करने पर की गई है। जो उपभोक्ता बिलों की समय पर अदायगी नहीं करेंगे, नियमानुसार उनके विद्युत कनेक्शन स्थाई तौर पर काट दिए जाएंगे।
