
टिहरा (मंडी)। टिहरा की विभिन्न पंचायतों में चल रहे पेयजल संकट से लोगाें को राहत मिल गई है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने पानी की आपूर्ति बहाल कर दी है। पिछले दिनों क्षेत्र में चल रही पेयजल की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। गत रोज भी मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए विभाग ने पेयजल सप्लाई को सुचारु कर दिया है।
विभागीय पेयजल आपूर्ति बहाल होने से क्षेत्र की करीब एक दर्जन पंचायतों के लोगों को पानी की समस्या से निजात मिल गई है। विभाग ने पेयजल योजनाओं एवं लाईनों में आई समस्या को दुरुस्त करते हुए लोगों को पेयजल की नियमित आपूर्ति कर दी है।
स्थानीय निवासी मिल्खी राम, संतराम, ताराचंद, धर्मचंद, जय प्रकाश, ओम चंद, विनय कुमार, कश्मीर सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील कुमार, रोशन लाल, शीला देवी, विमला देवी, रूमा देवी, आशा कुमारी, रजा देवी, लता देवी और सरिता देवी ने कहा कि विभाग के पास सभी तरह की सुविधाएं हैं लेकिन विभागीय अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। इससे लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि विभाग के पास कर्मचारियों का टोटा है तो विभाग उचित कदम उठाए तथा कर्मचारियों की व्यवस्था करें। सिल्ट का समाधान भी विभाग फिल्टरेशन करके लोगों को पानी उपलब्ध करवाए। सहायक अभियंता एके शहगल ने माना कि स्टाफ की समस्या चल रही है। पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त कर दिया है।
