टिप्पर लुढ़का, एक की मौत; एक घायल

रिवालसर (मंडी)। रिवालसर-नैणा देवी सड़क सोमवार देर रात गैहरी गलू के पास एक टिप्पर ढांक से गिर गया। हादसे में इसमें सवार दो में से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब साढ़े दस बजे टिप्पर डोह गांव की ओर जा रहा था कि गैहरी गलू के पास अनियंत्रित होकर डेढ़ सौ फुट गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे में ऋषिपाल 21 वर्ष पुत्र रूप लाल निवासी सेरला खाबू टिप्पर के नीचे दब जाने से बुरी तरह जख्मी हो गया था, जबकि दूसरा युवक गोपाल शर्मा पुत्र मोहन निवासी डोह भी इस हादसे में घायल हुआ है। दोनों को 108 एंबुलेंस में अस्पताल ले जाया जा रहा था कि ऋषि ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दूसरे घायल का क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में उपचार चल रहा है। मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस उप अधीक्षक आशीष शर्मा ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े दस बजे रिवालसर के गैहरी गलू के पास टिपर नंबर एचपी 66-1062 ढांक से गिर गया। इस हादसे में सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279 के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। इधर, कानूनगो रिवालसर कुशल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को दस हजार और घायल को दो हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की गई। उधर, दूसरा खाबू पंचायत के प्रधान विक्रम राम वार्ड सदस्य कृष्णा देवी, दिनेश कुमार, चमन लाल, जगदीश चंद, सोहन लाल आदि ने इस हादसे पर दुख जताया।

Related posts