टिप्पर और ऑटो टकराए, तीन जख्मी

रामपुर बुशहर। निरसू के पास टिप्पर और ऑटो आपस में टकरा गए। हादसे में एक महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार करीब डेढ़ बजे बिथल की ओर से रामपुर आ रहा एचपी 06-4172 नंबर का टिप्पर की निरसू के पास ऑटो से टकरा गया। इससे ऑटो में सवार महिला समेत तीन लोगों को चोटें आई हैं। इनमें ऑटो चालक संजय कुमार निवासी सांगटीधार, अनिल कुमार निवासी राजपुरा और लीला निवासी तकलेच शामिल हैं। हादसे के बारे में पता चलते ही इन घायलों को खनेरी अस्पताल लाया गया, जहां महिला को उपचार के लिए शिमला रेफर कर दिया गया। महिला को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरी चोटें आई हैं। जबकि, अन्य घायल खनेरी अस्पताल में भरती हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इनकी हालत ठीक बताई जा रही है। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। एसडीपीओ सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला की हालत गंभीर है, इसलिए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। जबकि, अन्य दोनों की हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और टिप्पर चालक की तलाश की जा रही है।

Related posts