
टाहलीवाल (ऊना)। हरोली थाना पुलिस ने टाहलीवाल में एक व्यक्ति से 226 किलो चूरापोस्त की खेप बरामद की है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला दर्ज करके उससे पूछताछ जारी है। हरोली थाना पुलिस को नशे की इस खेप को पकड़ने में उस समय सफलता मिली, जब पुलिस ने टाहलीवाल में पुल के समीप नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस ने ट्रक को रुकने के लिए इशारा किया। ट्रक चालक रुका और अपना नाम पता बताया। ट्रक चालक को विश्वास था कि नाम पता पूछने के बाद पुलिस उसे जाने देगी लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें आठ बोरियां चूरा पोस्त बरामद हुईं है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि हरोली थाना के अंतर्गत टाहलीवाल में सोमवार रात करीब 12.40 बजे रात जब उपनिरीक्षक हरजीत सिंह प्रभारी थाना हरोली तथा अन्य पुलिस टीम ने नाका लगाया था तो पूरी टीम स्वां पुल टाहलीवाल पर मौजूद थी। एक ट्रक एचपी-72-6736 संतोषगढ़ की ओर से आया तो पुलिस पार्टी ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया। ट्रक को रोका तथा चालक का नाम और पता पूछा तो चालक ने अपना नाम संजीव कु मार पुत्र सुभाष चंद निवासी भडियारा थाना हरोली जिला ऊना बतलाया। ट्रक की तलाशी कि दौरान टूल में सफेद रंग की प्लास्टिक की आठ बोरियां मिलीं। बोरियों को खोलने पर उनमें चूरापोस्त बरामद हुई। इन्हें ट्रक से उतारकर कर चेक करने पर चूरापोस्त होने का खुलासा हुआ। तोलने पर चूरापोस्त की यह खेप 226 किलो पाई गई। पुलिस ने आरोपी संजीव कु मार को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने कहा कि इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने नशे की इतनी बड़ी यह खेप कहां से लाई थी और इसकी डिलीवरी कहां देनी थी। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सात लाख है बाजार कीमत
डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पकड़े गए चूरापोस्त की 226 किलो की बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार के प्रति पुलिस जीरोे टालरेंस की नीति अपनाए हुए हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के सौदागरों के संदर्भ में पुलिस को सूचित करें। ऐसे लोगों के खिलाफ सूचना देने वालों के नाम गुप्त रखे जाएंगे।
