
दुलैहड़ (ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्तासीन होने के बाद अकेले ऊना जिले में ही 1200 नए पात्र लोगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन मंजूर की गई है जो उन्हें इसी माह से मिलनी शुरू हो जाएगी।
उद्योग मंत्री शुक्रवार को क्षेत्र के बीटन में संत बाबा ढांगूवाला अस्पताल के लिए एंबुलेंस सुविधा प्रदान करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने संत बाबा ढांगूवाला कालेज का अस्तित्व मिटाने की पूरी कोशिश की। अब कोई ताकत इस कालेज का वजूद नहीं मिटा सकेगी। औद्योगिक नगरी टाहलीवाल के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। बाथू से पानी उठाकर अमराली पहुंचाया जाएगा। बीत क्षेत्र में 17 ट्यूबवेल लगेंगे जिनका पानी एक बड़े टैंक में इकट्ठा करके खेतों तक पहुंचेगा। हलके के सभी तालाब (टौबे) पानी से लबालब किए जाएंगे। इन सभी तालाबों एवं पुराने कुंओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।
सिंगा में जल्द ही 200 करोड़ के फूडपार्क का कार्य शुरू होने वाला है। इसके लिए केंद्र से मंजूरी प्राप्त हो गई है। दुलैहड़ में खूबसूरत इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा। दुलैहड़ स्टेडियम के लिए भी 1.30 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।
इस अवसर पर संत बाबा ढांगूवाला, हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला परिषद सदस्य सुमन ठाकुर, अमनदीप मोनी, गोंदपुर बुला के प्रधान सतीश बिट्टू, सामान्य उद्योग निगम के निदेशक पवन ठाकुर, केसीसी बैंक के निदेशक जोगराज जोगा, सिंघा के पूर्व प्रधान सुरेंद्र चड्ढा, चमन बीटन, सेवानाथ, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एके कोहली, अधिशासी अभियंता एचसी भारद्वाज और डीएसपी सुरेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
