टावर लगाने के नाम पर लाखों की ठगी

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। अपनी भूमि पर मोबाइल टावर लगाने के नाम पर एक व्यक्ति से जालसाजों ने लाखों रुपये ठग लिए हैं। दो माह बीत जाने के बाद जब मोबाइल टावर नहीं लगा तो व्यक्ति का माथा ठनका और उसने देहरा थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिलबाग सिंह पुत्र भोटा राम निवासी घियोरी ने थाना देहरा में दर्ज करवाई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसने कुछ माह पहले समाचार पत्र में एक इश्तहार पढ़ा था। इसमें जमीन पर मोबाइल टावर लगाने और इसकी एवज में हर माह 15 से 20 हजार रुपये किराया मिलने के बारे में लिखा था। इस इश्तहार में एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। जब उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उसने उनकी खाली जमीन पर मोबाइल टावर लगाने की बात कही। संबंधित जालसाज ने पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए शपथ पत्र बनाने की बात कही। इसी बीच जालसाज ने फोन कर शिकायतकर्ता को कहा कि जरूरी औपचारिकताएं निपटाने और अन्य कार्य के लिए आपको कुछ राशि भेजनी होगी। शिकायतकर्ता दिलबाग सिंह उनकी बातों में आ गया और उन्होंने तीन-चार दफा उनके दिए गए बैंक अकाउंट में करीब 3 लाख 23 हजार रुपये डाल दिए। कुछ समय बाद शिकायतकर्ता दिलबाग सिंह ने उनसे मोबाइल फोन पर संपर्क कर पूछा कि उनकी जमीन पर टावर कब लगेगा तो जालसाजों ने शीघ्र ही मोबाइल टावर लगाने की बात कही। अक्सर फोन करने पर जालसाज यही जवाब देते रहे। दो माह बाद भी जब मोबाइल टावर नहीं लगा तो उन्होंने इसकी शिकायत थाना देहरा में दर्ज करवा दी। उधर, इस बारे डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने लोगों को हिदायत दी कि जालसाज लोगों से पैसे एेंठने के लिए कई तरह के तरीकों का इस्तेमाल करते हैं। डीएसपी ने कहा कि लोग इस तरह के लोगों के झांसे में आने से बचें। पहले पूरी तफ्तीश करें उसके बाद ही किसी को पैसा भेजें

Related posts