टाइम टेबल और कक्षा के स्थान ने उलझाए फ्रेशर

चंबा। चंबा कालेज के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को प्रशासन की ओर से तय टाइम टेबल समझने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फ्रेशर विद्यार्थियों को कक्षा के कमरे ढूंढने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टाइम टेबल और कक्षा के कमरों का पता न चलने के कारण कई विद्यार्थी बुधवार को कक्षा लगाने से वंचित रह गए। कालेज प्रशासन ने रूसा प्रणाली के तहत समस्त विषयों को ध्यान में रखते हुए टाइम टेबल बनाया है और नोटिस बोर्ड में लगा दिया है। फिर भी ए सेक्शन के कई विद्यार्थी बी सेक्शन में कक्षाएं लगाने को पहुंच रहे हैं। रूसा प्रणाली के तहत बनाए गए टाइम टेबल का पता छात्र संगठनों के नेताओं को भी नहीं है। वहीं इस संबंध में शिक्षक वर्ग का कहना है कि नई प्रणाली के बारे में पूरा पता चलने में विद्यार्थियों को थोड़ा वक्त लगेगा। इस संबंध में एबीवीपी के परिसर अध्यक्ष भुवनेश भारद्वाज, एनएसयूआई के चंदन नरूला और एसएफआई के जिलाध्यक्ष हेमराज ने कहा कि संगठन के समस्त कार्यकर्ता विद्यार्थियों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने फ्रेशर विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे किसी भी समस्या के बारे में उनसे संपर्क कर सकते हैं।

चंबा कालेज में पीटीए बैठक 6 को
चंबा। स्थानीय कालेज में पीटीए की बैठक 6 जुलाई को बुलाई गई है। इसमें पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कालेज प्रशासन ने पीटीए की बैठक बारे सूचना नोटिस बोर्ड में चस्पा दी है। साथ ही विद्यार्थियों को भी पीटीए की बैठक की सूचना दे दी है। चंबा कालेज की कार्यकारी प्राचार्य मंजुला शर्मा ने बताया कि पीटीए की बैठक 6 जुलाई को होगी। बैठक में नई पीटीए कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने समस्त अभिभावकों से बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद ही कालेज में नए सत्र में रिक्त पदों पर पीटीए के तहत अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी।

Related posts