
धर्मशाला। टांडा मेडिकल कॉलेज के हर वार्ड में सीसीटीवी कैमरों की नजर होगी। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए दो लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इन कैमरों से मेडिकल कॉलेज में आने-जाने वाले हर व्यक्ति और सेवाएं दे रहे स्टाफ पर भी पैनी नजर होगी। अस्पताल के वार्डों में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया गया है। कॉलेज और अस्पताल में 16 के करीब सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। टांडा मेडिकल कॉलेज में अन्य जिलों से भी लोग उपचार करवाने पहुंचते हैं। ऐसे में उपचाराधीन मरीजों के पैसे चोरी होने की शिकायतें भी बढ़ रही हैं। इसके अलावा स्टाफ की सही कार्यप्रणाली पर भी अस्पताल प्रशासन पूरी नजर नहीं रख पाता है। अस्पताल प्रशासन को ऐसी शिकायतें भी मिली हैं कि काम के दौरान कर्मचारी बातों में मशगूल रहते हैं। अब कॉलेज और अस्पताल में कैमरे लगने के बाद स्टाफ की कार्यप्रणाली भी सुदृढ़ होगी। साथ ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों को भी आसानी से पकड़ा जा सकेगा।
टांडा मेडिकल कॉलेज के एमएस डा. दिनेश सूद ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल और कॉलेज में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस पर 2 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
