टांडा में खुलेगा डेंटल कालेज : कौल सिंह

कांगड़ा। स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज में डेंटल कालेज स्थापित किया जाएगा। इससे चिकित्सकों को जहां दंत चिकित्सका से संबंधित शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलेगा वहीं मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। हेल्थ मामलों को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह झट से अप्रूवल देते हैं। कालेज के अस्पताल में जल्द ट्रामा सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी व टांडा में कार्यरत स्टाफ नर्स की ड्यूटी ओपीडी में नहीं लगाई जाएगी। ये आदेश उन्होंने शुक्रवार को जारी कर दिए हैं।
कौल सिंह मेडिकल कालेज के सोभा सिंह सभागार में संशोधित राष्ट्रीय क्षयरोग निवारण कार्यक्रम के तहत क्षेत्रीय टास्क फोर्स की कार्यशाला में मेडिकल कालेजों की भूमिका पर आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ करने के पश्चात पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। टांडा मेडिकल कालेज में मरीजों के तीमारदारों के ठहरने के लिए सराय निर्माण की इच्छा जताने वाली कांगड़ा की सनातन धर्म सभा का उन्होंने धन्यवाद जताया। कौल सिंह ने तत्काल कालेज प्रशासन को सभा को सराय निर्माण के लिए जगह उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में धर्म की आड़ में जमीन हड़पने वालों की जांच की जाएगी। नादौन स्थित आसाराम के आश्रम की जमीन की भी जांच की जाएगी। टांडा मेडिकल कालेज में खेल सुविधाओं के लिए इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

डाक्टरों को दो टूक
कौल सिंह ने अन्य चिकित्सकों से भी दो टूक कह दिया है कि नियंत्रण के बाहर हो रही बीमारी के बाद ही मरीजों को रेफर करें। उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ अपनी बला टालने के लिए कालेजों का वर्क लोड चिकित्सक न बढ़ाएं।

Related posts