टांडा मल्टी स्पेिशयलिटी अस्पताल की डेडलाइन तय

धर्मशाला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने तीन दिनी प्रवास के दूसरे दिन कांगड़ा के धर्मशाला में करोड़ों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा में निर्माणाधीन मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण की डेडलाइन तय कर दी है। मंगलवार देर शाम टांडा पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 नवंबर तक इस अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। अन्यथा इसके बाद प्रतिदिन के हिसाब से निर्माण कर रही कंपनी को पांच लाख रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। टांडा की सदरपुर पंचायत से पीएमटी पास करने वाले किसी भी बच्चे को एमबीबीएस की एक सीट मेडिकल कालेज में फिर से आरक्षित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां 275.23 लाख से प्रस्तावित बर्न यूनिट का शिलान्यास किया। इसके अलावा पीजी के विद्यार्थियों के लिए 1457. 42 लाख हास्टल तथा एबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र व छात्राओं के लिए भी 1216. 23 लाख एक हॉस्टल की नींव रखी। सीएम ने 500 बिस्तर वाले टांडा अस्पताल का शुभारंभ करने वाले मजदूर की बेटी की उद्घाटन पट्टिका की जगह का निरीक्षण कर भाजपा की पट्टिका को हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर जीएस बाली, कौल सिंह ठाकुर, विधायक पवन काजल, मेडिकल कालेज के प्रिंसीपल डा. अनिल चौहान, एमएस डा. दिनेश सूद आदि मौजूद रहे। इससे पहले शहीद स्मारक धर्मशाला में केंद्रीय सड़क कोष परियोजना के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये की लागत से गग्गल चैतड़ू-धर्मशाला-मैकलोडगंज मार्ग के सुधार के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने धर्मशाला स्थित क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में 48 लाख रुपये लागत की ‘डिजीटल इमेजिंग स्पेटोग्राफ’ फोरेंसिक मशीन का लोकार्पण भी किया। वहीं, हिमाचल प्रदेश पशुपालन फार्मासिस्ट संघ के तीसरे राज्य स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पशुपालकों के हित में ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक योजनाएं आरंभ की है। संघ के अध्यक्ष सुभाष राणा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें संघ की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। संघ के महासचिव दिनेश नेगी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सकों की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। आयुर्वेदिक संघ के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें 8ल़ाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए भेंट किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने हिमाचल तथा पंजाब गोरखा संघ के वार्षिक समारोह की अध्यक्षता करते हुए श्यामनगर में सराय भवन के निर्माण के लिए 50 लाख देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्मारिका का विमोचन भी किया। गोरखा विकास परिषद के अध्यक्ष कैप्टन सरवण कुमार थापा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हिमाचल प्रदेश गोरखा संघ, भागसू, धर्मशाला के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गुरुंग भी
मौजूद रहे।

Related posts