टमाटर तमतमाया, प्याज निकाल रहा आंसू

रुद्रपुर। बारिश में पालेज की फसल बहने और खेतों में पानी भरने से सब्जियों के दाम में जबर्दस्त उछाल आया है। आलू से लेकर सभी मौसमी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। प्याज अब 30 रुपये किलो तो टमाटर 25 रुपये किलो बिक रहा है।
नदियों के किनारे पालेज में लगी लौकी, काशीफल समेत अन्य सब्जियां बाढ़ की भेंट चढ़ गई। वहीं खेतों में भी सब्जी की फसल को नुकसान हुआ है। इसके चलते बाजार में सब्जी कम आ रही है, इससे सब्जी के दामों में उछाल आ गया है। बारिश से पहले जहां लौकी दस रुपये किलो बिक रही थी अब 30 रुपये किलो तक पहुंच गई है। काशीफल के दाम में भी चार गुना वृद्धि हुई है। दस रुपये किलो बिकने वाला काशीफल अब 40 रुपये तक पहुंच गया है। गोभी 40 से अब 60 रुपये किलो तो मटर 80 से बढ़कर 100 रुपये किलो पहुंच गई है। सब्जी विक्रेता रामपाल ने बताया कि यदि बारिश फिर होती है तो सब्जियों के दाम में और उछाल आ सकता है। बरसात के कारण सब्जियों को हुए नुकसान के चलते बाजार में सब्जियां कम आ रही हैं।

Related posts