टमाटर की फसल पर तूफान का कहर

स्वारघाट (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत स्वाहण के तहत गांव धरा में तूफान के कारण कई किसानों की टमाटर की फसल बर्बाद हो गई है। करीब दो दर्जन किसानों को तूफान के कारण लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। इन किसानों को सरकार द्वारा उचित मुआवजा नहीं मिला तो उन्हें आर्थिक तंगहाली के दौर से गुजरना पड़ेगा।
गांव धरा के काला राम, संतराम, प्रकाश चंद, रोशन लाल, मौजीराम, गगन सिंह, रिंपी, अमर सिंह, बलदेव सिंह, जगदीश चंद, हाकम सिंह ने कहा कि गत दिनों आए तूफान द्वारा मचाई तबाही ने उनकी टमाटर की फसल को पूरी तरह से तहस-नहस कर किसानों कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि इस बार खरीफ सीजन में उन्होंने अपनी जमीन में मक्की की बीजाई करने के बजाए टमाटर की फसल की बीजाई की ताकि इस नकदी फसल से उनकी आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार हो सके। कुदरत के इस कहर ने फसल को बर्बाद कर दिया। टमाटर की फसल पूरी तरह से तैयार थी। फसल को बाजार में ही पहुंचाना बाकी था। मौसम की बेरुखी के कारण इस बार किसानों को न तो मक्की की फल हो पाई और न ही टमाटर की। इसके चलते उन्हें परिवारों का पालन-पोषण करना भी मुश्किल भरा होगा। उन्होंने सरकार व जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि कुदरत के इस कहर का आकलन राजस्व विभाग के अधिकारियों से करवा कर उचित सहायता का प्रावधान किया जाए। प्रभावित लोगों को अपने परिवारों का पालन-पोषण करने में कोई परेशानी नहीं झेलनी पडे़।

Related posts