टकोली सब्जी मंडी में किसानों से लूट

मंडी। सब्जी मंडी टकोली में किसानों और बागवानों से लूट के आरोप लगे हैं। आढ़तियों पर आरोप लगे हैं कि किसानों एवं बागवानों से अवैध ढंग से कमीशन वसूली जा रही है। किसानों-बागवानों का आरोप है कि सब्जी मंडी में वारदाने के नाम पर एक क्रेट का वजन तीन किलोग्राम तक काटा जा रहा है। किसानों एवं बागवानों से अवैध रूप से कमीशन भी वसूली जा रही है। सोमवार को सराज फल एवं सब्जी उत्पादक संघ बालीचौकी का प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त उपायुक्त से मिला।
संघ ने प्रशासन से अवैध लूट को तत्काल रोकने की गुहार लगाई। संघ के अध्यक्ष दलीप सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष केसर सिंह, सलाहकार गुमान सिंह, किसान सभा के जिला महासचिव संतराम का कहना है कि सब्जी मंडी में कोई भी इलेक्ट्रानिक तराजू नहीं है। इससे किसानों तथा बागवानों को अपने उत्पाद की सही जानकारी नहीं मिल पा रही। आढ़ती लिस्ट में भी उत्पाद का वजन मनमर्जी से लिख रहे हैं। इससे मेहनत का पूरा फल नहीं मिल रहा। आढ़ती वारदाने के नाम पर एक क्रेट का वजन तीन किलोग्राम तक काट रहे हैं। किसानों का कहना है कि क्रेट का वजन एक किलोग्राम से ज्यादा नहीं है। संघ ने उपायुक्त से मनमानी रोकने की मांग की है।

Related posts