झोपड़ी गिरने से घायल हुए वृद्ध की मौत

खटीमा। क्षेत्र में हुई बारिश से खुदागंज में गिरी झोपड़ी में घायल वृद्ध की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
17 जून को तेज आंधी और वर्षा के कारण खुदागंज-भगचुरी निवासी रामदयाल (70) पुत्र बेचन की झोपड़ी गिर गई थी। हादसे में रामदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद हल्का पटवारी अरुण कुमार ने 2700 की तात्कालिक सहायता मुहैया कराई थी। बाद में घायल को परिजन घर ले गए थे। हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार को फिर से उन्हें सीएचसी ले जाया गया। पटवारी नरेंद्र गहतोड़ी ने मौके पर पहुंचकर राजस्व विभाग की ओर से 3100 रुपये की तात्कालिक सेवा भी मुहैया कराई। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया। हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Related posts