झीड़ी बस हादसे में एक और युवती का शव मिला

नगवाईं (मंडी)। झीड़ी के समीप जोगणी माता मंदिर के पास हुई बस हादसे के 11 दिन बाद रविवार को लारजी डैम से एक और शव बरामद हुआ है। शव की पहचान चिंकी पुत्री किशन कालका जिला पंचकूला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
झीड़ी बस हादसे में लापता लोगों के शव मिलने शुरू हो गए हैं। अब तक लारजी डैम से चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनका हादसे के बाद से कोई पता नहीं चल रहा था। अब बस हादसे में मरने वालों की संख्या 43 तक पहुंच गई है। गत शनिवार को भी लारजी डैम से दो शव बरामद किए गए थे। रविवार को लारजी डैम में शव मिलने से लोगों ने इसकी सूचना औट थाना पुलिस को दी। औट थाना प्रभारी अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस दल ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। इसके बाद कुल्लू अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
शव की पहचान चिंकी पुत्री किशन निवासी राम बाग भैंरो का शहर कालका जिला पंचकूला के रूप में हुई है। नायब तहसीलदार हीरा चंद नलवा ने बताया कि रविवार को कालका निवासी चिंकी का शव मिला है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई।

Related posts