
बद्दी (सोलन)। झाड़माजरी क्षेत्र के लोगों ने बस स्टैंड के साथ खुले शराब के ठेके का विरोध कर ठेकेदार और संबंधित विभाग के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। ग्रामीणों के विरोध के चलते शराब के ठेकेदार ने सड़क से थोड़ा पीछे हट कर ठेका खोलने की बात कही है। इस पर ग्रामीण शांत हुए। करीब दो घंटे तक बस स्टैंड पर खूब हंगामा हुआ।
शनिवार सुबह भटोली कला पंचायत के प्रधान अच्छरपाल कौशल, बीडीसी के वाइस चेयरमैन बलविंद्र ठाकुर, वार्ड पंच कमल ज्ञानी, सुरेश पंच, सोमनाथ, धर्मपाल, मीना देवी, अंजू, सत्या देवी, तृप्ता देवी, गोबिंदी देवी, काकू, गुरमीत, जंग सिंह, राकेश, अवतार सिंह पूर्व पंच गुरबख्स सिंह के नेतृत्व में 30 से अधिक लोगों ने ठेके के सामने नारेबाजी की। पहले तो शराब के ठेकेदार ने इसे बंद करने की इंकार कर दिया, लेकिन बाद में लोगों के विरोध के आगे ठेकेदार झुक गया तथा करीब दो घंटे के बाद ही ठेकेदार ने अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की हामी भरी।
पंचायत प्रधान अच्छरपाल कौशल ने कहा कि विभाग बिना पंचायत की एनओसी से अपनी मर्जी से शराब के ठेके खोल रहा है। बस अड्डे पर क्षेत्र की महिलाएं और बच्चियां खड़ी रहती हैं। ठेका बस स्टैंड के साथ होने से असामाजिक तत्वों का बोलबाला रहेगा। ठेके के साथ ही एक विधवा महिला का मकान है। इस पर ठेका खुलने से उन्होंने सबसे अधिक ऐतराज जताया है।
बीडीसी के वाइस चेयरमैन बलविंद्र ठाकुर का कहना है कि ठेके को किसी भी कीमत पर बस स्टैंड के सामने नहीं खुलने दिया जाएगा। अगर ठेकेदार सड़क से पीछे की ओर ठेका खोलता हो तो उसका कोई ऐतराज नहीं होगा। उधर, ठेकेदार दीपक कुमार ने बताया कि बस स्टैंड से सौ मीटर की दूरी पर उसकी पहले से दुकान चल रही है। इस वर्ष उसने एक करोड़ 20 लाख रुपये में ठेका लिया है, लेकिन हरियाणा की सीमा पर उसकी दुकान से मात्र तीन सौ मीटर की दूरी पर दो ठेके खुल गए हैं जिससे उसे सीधा नुकसान हो रहा है। जहां पर वह ठेका खोल रहा है वहां पर उसके पास विभाग की परमिशन है। अगर विभाग उन्हें सड़क से पीछे की ओर से ठेका खोलने की इजाजत देता है तो वह शीघ्र ही वहां पर शिफ्ट कर देगा।
ओमपाल सिंह
इसलिए विरोध
झाड़माजरी में शराब का ठेक ा पहले बस स्टैंड से दो सौ मीटर की दूरी पर था लेकिन साथ लगती हरियाणा की सीमा पर दो ठेके खुलने ठेकेदार ने अपना ठेका दो सौ मीटर से दूरी से उठा कर बस स्टैंड के साथ शिफ्ट कर लिया। ठेका शिफ्ट होते ही लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
