
शाहतलाई (बिलासपुर)। झबोला पंचायत में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय हुआ तेंदुआ लोगों के लिए आतंक का पर्याय बनता जा रहा है। गत शनिवार रात तेंदुए ने पंचायत के वार्ड-चार में एक व्यक्ति पर हमला करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि व्यक्ति का बाल तक बांका नहीं हुआ। उसके चीखने-चिल्लाने पर आस पड़ोस के लोग तुरंत बाहर निकल आए, जिससे तेंदुआ भाग खड़ा हुआ।
जानकारी के अनुसार झबोला पंचायत के वार्ड-चार का निवासी 55 वर्षीय राम प्रकाश गत शनिवार रात करीब दस बजे घर के बाहर खड़ा था। इसी बीच झाड़ियों में कुछ आवाज सुनाई देने पर वह चौकन्ना हो गया। झाड़ियों से एक तेंदुआ बाहर निकला। यह देख राम प्रकाश के रौंगटे खड़े हो गए। जोर-जोर से चिल्लाते हुए उसने डंगे से छलांग लगा दी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य व आस पड़ोस के लोग भी तुरंत बाहर निकल आए। इससे तेंदुआ गांव के साथ लगते जंगल चलैहली की ओर भाग निकला।
झबोला पंचायत प्रधान जगतराम ने कहा कि क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिन पहले तेंदुए ने तांबड़ी गांव में एक बछड़ी को शिकार बना डाला था। अब उसने एक व्यक्ति पर हमला करने का प्रयास किया। इससे लोग मवेशियों के साथ ही अपनी, विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि लोगों को तेंदुए के आतंक से निजात दिलाई जाए। उधर, झंडूता के वन परिक्षेत्राधिकारी नंदलाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। वन रक्षक से जानकारी हासिल करके उसे उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाकर समस्या का हल कराया जाएगा।
