
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूता के केंद्रीय छात्र संघ के बैनर तले छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए। विद्यार्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विद्यार्थियों ने कहा कि झंडूता कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य छह साल में पूरा नहीं हुआ है। कॉलेज की कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन में चल रही हैं। यहां कॉलेज के लिए छह कमरे मुहैया करवाए गए हैं। इनमें से एक प्राचार्य के लिए है। एक कमरा स्टाफ और एक लिपिकों के लिए है। ऐसे में छात्रोें को बैठने के लिए दिक्कतें पेश आ रही हैं। अव्यवस्था से गुस्साए विद्यार्थियों ने एससीए अध्यक्ष दीक्षा कुमारी, उपाध्यक्ष अंकित चंदेल, सचिव कृष्णा महाजन और सह सचिव वंदना कुमारी के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया। झंडूता शहर में रैली निकालकर विद्यार्थियों ने सरकार और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एससीए पदाधिकारियों ने कहा कि यहां कॉलेज के छात्रों के लिए शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है। कॉलेज में लगभग 255 विद्यार्थी हैं। इन्हें बैठाने की सुविधा नहीं है। छह साल से भवन का निर्माण कार्य चला हुआ है। स्थानीय जन प्रतिनिधि भी इस मामले को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बंद हुआ कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो विद्यार्थी अनशन पर बैठने के लिए विवश हो जाएंगे। प्रदर्शन में मोहन, कमल, रवि, सुनील, विक्की, रीतू, मनोज, अनीता, पूजा समेत कई विद्यार्थियोें ने भाग लिया।
