
झंडूता (बिलासपुर)। इस बरसात की पहली बारिश ने लोक निर्माण विभाग को झकझोर कर रख दिया है। बारिश से झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली दर्जनों संपर्क सड़कें खस्ताहाल हो गई है। सड़कों पर जगह जगह गड्ढे पड़ गए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी बंद हो गई हैं। नालियों में बारिश के कारण रेत, बजरी, पत्थर भर चुके हैं। इससे कई जगह पर तो नालियों का पानी दुकानों में भी घुस रहा है।
बरसात की पहली ही बारिश के कारण लोगों को भी समस्या बनी हुई है। सत्तपाल चंदेल, श्याम सिंह, हेमराज, सुरेंद्र, विजय, राजकुमार, राकेश कुमार, नरेश कुमार, श्यामलाल, दिनेश, प्रकाश, ओंकार, जगदीश सहित अन्य ने कहा कि बरसात की पहली ही बारिश से सड़कों की हालत दयनीय हो गई है। जगह-जगह रेत, बजरी, पत्थर पड़े हुए हैं। इससे आम जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को इस बारे उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने संबधित विभाग से मांग की है कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाए।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पीसी वर्मा ने कहा कि विभाग द्वारा समस्या समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। जिन लोगों ने सड़क किनारे भवन निर्माण सामग्री रखी हुई है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
