झंडूता और शाहतलाई में नहीं एक्सरे सुविधा

झंडूता (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर के गेहड़वीं, बरठीं, झंडूता और शाहतलाई क्षेत्र की लगभग 60 आबादी के लिए सरकारी अस्पतालों में एक्सरे सुविधा नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की कमी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। एक्सरे नहीं होने से लोग 30 से 50 किलोमीटर दूर का फासला तय कर बिलासपुर या घुमारवीं के चक्कर काटने को विवश हैं। बरठीं और गेहड़वीं में एक्सरे की सुविधा उपलब्ध नहीं है तो शाहतलाई और झंडूता में एक्सरे तकनीशियन नहीं होने की वजह से एक्सरे नहीं हो पा रहे।
झंडूता में एक्सरे तकनीशियन लंबे अरसे से मेडिकल लीव पर है। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले लोगों को यदि एक्सरे की जरूरत पड़े तो उन्हें बिलासपुर या घुमारवीं जाना पड़ रहा है। एक्सरे करवाकर मरीज वापस झंडूता अस्पताल पहुंचते है तो चिकित्सकों की छुट्टी करके चला जाता है। शाहतलाई का भी यही हाल है। शाहतलाई केकलौल अस्पताल में भी एक्सरे तकनीशियन नहीं होने के कारण लोग परेशान है। इलाके के लोगों का कहना है कि बरठीं, कलौल, गेहड़वीं, शाहतलाई और झंडूता में से कहीं भी एक्सरे की सुविधा होती है तो थोड़ी राहत मिलती। लोगों को अपने एक्सरे करवाने के लिए जिला मुख्यालय बिलासपुर या फिर घुमारवीं पहुंचना पड़ रहा है। इलाके की लगभग 60 हजार आबादी इन अस्पतालों पर निर्भर है।
राजकुमार, सुरेश, देवेंद्र, रोहित, अनिल, अनीता, कांता, विवेक, विवेक, साधु राम आदि ने कहा कि जल्द से जल्द यहां तकनीशियन की तैनाती की जानी चाहिए। उधर, बीएमओ डा. घनश्याम उपाध्याय ने कहा कि शाहतलाई में तैनात तकनीशियन की सेवानिवृत्ति के बाद नियुक्ति नहीं हुई, जबकि झंडूता के तकनीशियन मेडिकल लीव पर है। बरठीं, कलौल और गेहड़वीं में भी एक्सरे नहीं हो रहे। इस समस्या के बारे में अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

इनसेट के लिए—सचित्र
1. एक्सरे नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग घुमारवीं या फिर बिलासपुर जाने को विवश हो गए हैं।
-भूपेंद्र सिंह, झंडूता
2. एक्सरे तकनीशियन नहीं होने से इन अस्पतालों में एक्सरे नहीं रहे। इस वजह से दुर्घटना आदि की स्थिति में सबसे अधिक दिक्कत होती है।
-मछिंद्र सिंह भारती, जेठवीं
3. एक्सरे जैसी सुविधा अस्पताल में नहीं मिलना शर्मसार करने वाली बात है। इसके लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
-प्रेम सिंह, बड़ी बिल्लौर
4. स्वास्थ्य सुविधा में हम अव्वल हैं। क्या यही स्वास्थ्य सुविधा है कि एक्सरे तक की सुविधा उपलब्ध नहीं। विभाग को इसकी जल्द व्यवस्था करनी चाहिए।
-राजीव कुमार, मुकराणा

Related posts