ज्वेलरी-नकदी लेकर भागा चोर गिरफ्तार

मंडी(ओमप्रकाश)शहर के सौली खड्ड में दिनदहाड़े एक चोर घर में घुस गया। आरोपी घर से 26 हजार की नकदी सहित सोने के कीमती जेवरात भी ले उड़ा। हालांकि चोरी करने के बाद भागते हुए छत से छलांग लगाने से वे घायल हो गया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी के पास से मिले आईडी कार्ड से उसकी पहचान नाम मेहराजदीन जिला डोडा (जम्मू)के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोर ने सौली खड्ड निवासी एचआरटीसी में चालक रोशन लाल के घर पर वारदात को अंजाम दिया। रविवार को रोशन लाल, उसकी पत्नी तथा अन्य परिजन घर की छत पर बैठकर धूप सेंक रहे थे। दोपहर करीब पौने तीन बजे जब रोशन लाल की पत्नी किसी काम से नीचे कमरे में आई तो पाया कि घर के अंदर कोई मौजूद था। इस पर उसने बेटे का नाम लेकर पुकारा, मगर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तभी आरोपी कमरे से कोई तेजधार हथियार के साथ बाहर भाग खड़ा हुआ। घटना का पता चलने पर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी पड़ोसी की छत पर चढ़ गया, लेकिन इसके बाद भागने का कोई रास्ता न मिलने पर छत से ही नीचे कूद गया। ऊंचाई की वजह से उसके सिर पर चोट लग गई। इसके बाद भागने में असमर्थ उसने पास ही एक पुराने घर के कमरे में आड़ ले ली तथा अंदर से दरवाजे पर चटखनी लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने बाद में आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। इसके बाद करीब सवा लाख कीमत के सोने का एक मंगलसूत्र तथा एक चेन सहित 26 हजार नकदी लेकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने चोरी की गई सारी ज्वेलरी तथा नकदी बरामद कर ली है। आरोपी फिलहाल क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है। इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 454, 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ज्यादा कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।

Related posts