
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। नगर पंचायत ज्वालामुखी में सैकड़ों परिवारों को नए राशनकार्ड मुहैया नहीं हो पाए हैं। ज्वालामुखी के 1500 से ज्यादा परिवारों के 31 मार्च 2013 के बाद राशनकार्ड बनाए जाने थे। लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी नगर पंचायत ने लोगों के नए राशनकार्ड नहीं बनाए हैं। इसके चलते लोगों को डिपो से राशन लेने में दिक्कत पेश आ रही है। इसके अलावा राशनकार्ड के बिना लोगों के और भी कई कार्य लटके पड़े हैं।
उल्लेखनीय है कि वाहन लाइसेंस, पासपोर्ट आदि कई दस्तावेज बनाने के लिए राशनकार्ड की आवश्यकता रहती है। ज्वालामुखी नगर पंचायत में करीब 1500 राशन कार्ड बनाए जाने हैं। लेकिन खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा अब तक केवल 900 राशन कार्ड ही भेजे गए हैं। इन्हें बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। लेकिन अभी तक नगर पंचायत में करीब 400 उपभोक्ताओं को राशन कार्ड वितरित किए गए हैं। जबकि बाकी ग्यारह सौ के करीब उपभोक्ताओं को राशन कार्ड मुहैया नहीं हो पाए हैं। वहीं तय समय के तीन माह बाद भी राशन कार्ड न बन पाने के कारण उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। उपभोक्ताओं को राशनकार्ड के लिए रोजाना नपं कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं नगर पंचायत प्रधान अनिल प्रभा व उप प्रधान अनीश सूद का कहना है कि ज्वालामुखी नगर पंचायत में जितने राशनकार्ड खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा भेजे गए थे, उन्हेें बनाने का कार्य प्रगति पर है। राशनकार्ड खत्म हो गए हैं, जिसके लिए डिमांड भेजी गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग जैसे ही नपं को राशनकार्ड मुहैया करवाएगा, उपभोक्ताओं को वितरित कर दिए जाएंगे।
