
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालामुखी में अब घंटों एक्सरे रिपोर्ट के लिए मरीज को इंतजार नहीं करना पडे़गा। स्वास्थ्य विभाग ने एक्सरे मशीन को 4 लाख रुपये की आटोमैटिक फिल्म प्रोसेसर मशीन से जोड़ दिया गया है। अब ज्वालामुखी अस्पताल में मरीजों को मिनटों में एक्सरे रिपोर्ट उपलब्ध हो जाएगी। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन डिजिटल एक्सरे मशीन लगाने के बारे में भी विचार कर रहा है ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को अत्याधुनिक मशीनोें से बेहतर रिपोर्ट मिले और समय की बचत भी हो।
ज्वालामुखी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 4 लाख की लागत से अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित कर दी गई है। इससे अब प्रथम चरण में हर वीरवार को 125 रुपये का शुल्क देकर इस सुविधा का फायदा मरीज ले सकेंगे। जल्द ही अस्पताल में स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के बाद हर दिन इस सुविधा का लाभ मरीज उठा पाएंगे। अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे 80 वर्षीय दुनी चंद का कहना है कि अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू से उन्हें अन्यत्र अल्ट्रासाउंड करवाने नहीं जाना पड़ा। इस सुविधा से क्षेत्र के लोगोें को फायदा मिलेगा।
बीएमओ डॉ. विवेक सूद का कहना है कि अस्पताल के इतिहास में पहली बार अत्याधुनिक एक्सरे ऑटोमैटिक फिल्म प्रोसेसर और अल्ट्रासाउंड सुविधा को शुरू किया गया है। इससे इलाके के मरीजों को फायदा होगा। विधायक संजय रतन का कहना है कि ज्वालामुखी अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों, इसके लिए वह प्रयासरत हैं। जल्द ही अस्पताल में बेबी केयर यूनिट, ब्लड स्टोरेज यूनिट लगाया जाएगा।
