ज्वालामुखी मंदिर में धरे दो संदिग्ध

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में सोमवार को तीसरे नवरात्र पर पुलिस ने दो संदिग्धों को दबोचा। रविवार को हुई चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने सोमवार को सीसीटीवी फुटेज देखी। इसमें दो संदिग्ध तीन दिनों से मंदिर क्षेत्र में सक्रिय पाए गए। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की तो उनका कहना था कि वह सोमवार को ही मंदिर में आए हैं। इसपर पुलिस का शक और बढ़ गया और उन्होंने दोनों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस चौकी ने सीसीटीवी कैमरों की मदद और मंदिर सिक्योरिटी इंचार्ज दिलाबर सिंह की सूझबूझ से दो संदिग्धोें को पकड़ा। दोनों संदिग्ध पति-पत्नी बताए जा रहे हैं। एसआई चमन लाल की टीम ने उनसे गहन पूछताछ की। आरोपियों ने स्वयं को बेकसूर बताया। दोनों हरियाणा के गुड़गांव जिला के बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने देर शाम तक लंबी पूछताछ के बाद दोनों को पांच-पांच हजार रुपये के मुचलके पर रिहा कर दिया। वहीं एचएचओ सुरेंद्र ठाकुर ने संदिग्धों को पकड़ने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संदिग्धों का संबंध जेबकतरा गिरोह से हो सकता है। पुलिस ने फिलहाल उन्हें छोड़ दिया है। लेकिन इलाके में दोबारा देखे जाने पर उन्हें सीधा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts